मंदिर में तुलसी पूजन की आड़ में क्रिसमस मना रहीं थीं महिलाएं

अलीगढ़
अलीगढ़ के अचलताल स्थित श्री मातृशक्ति पीठ मंदिर में महिलाओं के क्रिसमस मनाने का आरोप लगाया गया। सनातन प्रतिभा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक सक्सेना ने महिलाओं पर बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया।
सनातन प्रतिभा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक सक्सेना ने रविवार को अलीगढ़ के श्री मातृशक्ति पीठ मंदिर, अचलताल पर क्रिसमस मना रहीं महिलाओं पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं महिलाओं ने अपनी राजनीतिक पहुंच बताते हुए झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
अभिषेक सक्सेना के अनुसार श्री मातृशक्ति पीठ मंदिर में कुछ महिलाओं का एक समूह तुलसी पूजन दिवस की आड़ में क्रिसमस मना रहा था। इसकी जानकारी उन्हें हुई, तो वे वहां पहुंच गए । उन्होंने मंदिर के पंडित और महिलाओं से पूरा मामला जानने का प्रयास किया।
पहले तो महिलाओं ने माता के गीत का कार्यक्रम होने की बात कही। आरोप है कि बाद में महिलाओं ने दबंगई दिखाते हुए उल्टा उन्हें ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया। अभिषेक के अनुसार उन्होंने इसकी शिकायत अचलताल पुलिस चौकी पर जाकर की, तो पुलिस कर्मियों ने मंदिर पहुंचकर महिलाओं को वहां से हटाया।