विकसित भारत के निर्माण में होगी सबकी भागीदारी : प्रधानमंत्री

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सुनकर गदगद हुए विद्यार्थी
अलीगढ़। विकसित भारत 2047 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षक और विश्वविद्यालय भारत को तेज गति से एक विकसित देश बनाने के तरीके खोजने पर विचार करें। पीएम ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की भूमिका व्यक्ति निर्माण की होती है और व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण होता है। भारत के लिए यह अमृत काल चल रहा है और देश एक लंबी छलांग लगाने जा रहा है। इस अमृत काल के प्रत्येक क्षण का उपयोग किया जाना चाहिए। आज हर संस्था, हर व्यक्ति को इस संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए कि हर प्रयास और कार्य विकसित भारत के लिए होगा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘‘विकसित भारत 2047: युवाओं की आवाज’’ लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने कुलपतियों और देश भर के राजभवनों में आयोजित कार्यशालाओं में संस्थानों के प्रमुख व सदस्यों को संबोधित किया। मंगलायतन विश्वविद्यालय में विकसित भारत कार्यक्रम के लाइव संबोधन को सुनने के लिए मुख्य सभागार में व्यवस्था की गई थी। जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी व विभिन्न संकाय के सदस्यों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री के संवाद को सुनकर विद्यार्थियों ने भारत माता की जय के नारे भी लगाए। जिससे माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। विश्वविद्यालय में लाइव प्रसारण के आयोजन पर कुलपति प्रो. पीके दशोरा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए प्रेरित किया। वहीं लाइव संबोधन से पहले डीन एकेडमिक प्रो. अब्दुल वदूद सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को विकसित भारत कार्यक्रम की जानकारी प्रदान करते हुए देश को विकसित बनाने के लिए आज से ही अथक प्रयास करने का आह्वान किया।
मंगलायतन विश्वविद्यालय में विकसित भारत कार्यक्रम में शामिल प्राध्यापक व विद्यार्थी।