Mayank Agarwal के पानी में मिला था जहर? क्रिकेटर ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

नई दिल्ली।
भारतीय ओपनर और कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल को मंगलवार को नई दिल्ली की फ्लाइट उड़ने से पहले बीमार पड़ने के कारण स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से क्रिकेट जगत हैरान है। भारतीय क्रिकेटर ने बेईमानी का आरोप लगाते हुए एक आधिकारिक पुलिस शिकायत दर्ज कराई
मयंक अग्रवाल खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मयंक ने एक पाउच से पेय पदार्थ पीया, जो उन्हें लगा कि पानी है। इंडिगो एयरलाइन्स में सफर के समय यह पाउच उनकी सीट पर रखा था। अग्रवाल ने अपने मैनेजर के जरिये पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है
एसपी वेस्ट त्रिपुरा किरण कुमार ने कहा, ”मयंक अग्रवाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। वो अब स्थिर हैं और उनकी तबीयत भी बेहतर हैं। मगर उनके मैनेजर ने एनसीसीपीएस (न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन) के अंतर्गत मामले की जांच के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।”
शीर्ष पुलिस अधिकारी ने साथ ही कहा, ”उनके मैनेजर ने कहा कि जब मयंक प्लेन में बैठे थे तो उनके सामने एक पाउच रखा था। उन्होंने थोड़ा बहुत इसमें से पीया, लेकिन अचानक ही उन्हें मुंह में जलन होने लगी और अचानक वो बात नहीं कर पा रहे थे। क्रिकेटर को आईएलएस अस्पताल में लाया गया। उनके मुंह में सूजन और छाले हैं। वैसे, उनकी हालत स्थिर है।”